बाराबंकी में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल का भव्य स्वागत, विशाल भंडारे में हुआ आगमन

बाराबंकी।
बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय विश्वनाथ पाल जी का बाराबंकी जनपद आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। लखनऊ–अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सफेदाबाद चौराहे पर जिले के पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं, नारों और गर्मजोशी के साथ प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इस अवसर पर पूरा वातावरण बसपा के नीले झंडों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से सराबोर नजर आया।

प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल जी का यह दौरा जिला संयोजक पिछड़ा वर्ग माधव सिंह पटेल जी के आवास पर आयोजित विशाल भंडारे के कार्यक्रम के सिलसिले में हुआ। भंडारे में बड़ी संख्या में आमजन, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया तथा बहुजन समाज पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

स्वागत समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी मेहनत व एकजुटता से ही बहुजन समाज पार्टी अपने सामाजिक न्याय के मिशन को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाने की बात कही।

कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक व सेक्टर स्तर के कार्यकर्ता तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पार्टी को मजबूती प्रदान करने और बहुजन हिताय की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला महासचिव प्रदीप पटेल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द का भी संदेश देते हैं।

 

Spread the love with Thanks..........