भोपाल | 01 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में मध्यप्रदेश शासन के वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया। किसान कल्याण वर्ष 2026 को समर्पित यह कैलेंडर “समृद्ध किसान–समृद्ध प्रदेश” की थीम पर प्रकाशित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैलेंडर की आकर्षक रूपरेखा और विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि शासकीय कैलेंडर और डायरी का मुद्रित स्वरूप अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा।
वर्ष 2026 (विक्रम संवत 2082-83 एवं शक संवत 1947-48) के इस कैलेंडर में 12 महीनों के पृष्ठों पर प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियों, महत्वपूर्ण आयोजनों और भावी लक्ष्यों को छायाचित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर शासकीय डायरी, शीट कैलेंडर एवं नोटबुक का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में आयुक्त जनसंपर्क श्री दीपक कुमार एवं नियंत्रक शासकीय मुद्रणालय श्री चंद्रशेखर वालिंबे उपस्थित रहे।
कैलेंडर के जनवरी माह के पृष्ठ पर पी.एम. मित्र मेगा टैक्सटाइल पार्क, धार के शिलान्यास का चित्र है, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव शामिल हैं। फरवरी माह में मध्यप्रदेश को दुग्ध राजधानी बनाने के लक्ष्य को दर्शाते हुए केन्द्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह की उपस्थिति में हुए सहकारी सम्मेलन का दृश्य अंकित है। मार्च माह में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान को दर्शाता होलिका उत्सव का भावपूर्ण चित्र शामिल किया गया है।
अप्रैल माह में नदी लिंक परियोजना के अंतर्गत तापी बेसिन मेगा रिचार्ज परियोजना के लिए मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र के बीच हुए एमओयू का चित्र है। मई माह में महिला सशक्तिकरण और स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी को रेखांकित किया गया है। जून माह का पृष्ठ निषाद राज सम्मेलन के माध्यम से मछुआ समाज के सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प को दर्शाता है।
जुलाई माह में सिंचाई क्षमता विस्तार से जुड़ी बहोरीबंद उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना का शुभारंभ, अगस्त माह में जल गंगा संवर्धन अभियान, सितंबर माह में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपने का दृश्य शामिल है।
अक्टूबर माह का पृष्ठ किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता, नवंबर माह में स्वदेशी अभियान और शिल्पकारों के प्रोत्साहन, जबकि दिसंबर माह में भावांतर योजना के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के प्रयासों को प्रदर्शित करता है। कैलेंडर के अंत में वर्ष 2027 के सभी 12 महीनों का चार्ट भी संलग्न किया गया है।