फांसी के फंदे पर झूली विवाहिता ने सात दिन बाद तोड़ा दम

पति पर गंभीर आरोप, मायके पक्ष ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बाराबंकी।सफदरगंज थाना क्षेत्र के रसौली कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक विवाहिता ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सात दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार मृतका शिवानी यादव (पत्नी प्रवेश यादव उर्फ गोलू) ने 14 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे अपने घर में फांसी लगा ली। आनन-फानन में शिवानी को नीचे उतारकर उसे चिनहट स्थित आर आइस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में लगातार सात दिन तक चले इलाज के बावजूद शिवानी की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।बीती दोपहर उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब शिवानी के माता-पिता ने पति प्रवेश के खिलाफ सफदरगंज थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए। तहरीर के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका के ससुर राम नरेश यादव ने चौंकाने वाला बयान देते हुए बहू के आचरण पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि बहू के व्यवहार से क्षुब्ध होकर उन्होंने 25 फरवरी 2025 को अपने बेटे प्रवेश यादव को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि शिवानी के खिलाफ पहले से न्यायालय में एक मामला विचाराधीन था।

प्रवेश और शिवानी की शादी 22 मार्च 2022 को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। दोनों का एक मासूम बेटा शनि यादव है, जिसकी उम्र मात्र दो साल ग्यारह महीने है।

Spread the love with Thanks..........