बसंत आ चुका है, फाइल में दर्ज है

कलेक्टर साहब के दफ्तर में बसंत आ चुका है।
रिकॉर्ड में दर्ज है,
रिपोर्ट में उल्लिखित है,
और समीक्षा बैठक में “संतोषजनक” बताया गया है।
अब अगर किसी को खेत-खलिहान में नहीं दिख रहा,
तो यह उसकी निजी समस्या है।

कागज कहता है—
फसल अच्छी है।
पर किसान कहता है—
“दाम कौन देगा, ये भी कागज बताएगा क्या?”
मंडी में भाव ऐसे टिके हैं
जैसे किसी बाबू ने फाइल के नीचे दबा दिए हों।

जंगल के बारे में बताया गया है कि—
“नियमानुसार कटाई की गई है।”
कटाई तो हो गई,
पर बसंत भी उसी में कट गया—
यह बात रिपोर्ट में नहीं आ पाई।
जहाँ पलाश फूला करता था,
वहाँ अब लिखा है—
“प्रस्तावित विकास क्षेत्र”।

जिन लोगों के साथ बसंत नाचा करता था,
उन्हें समझा दिया गया है—
“आपका पुनर्वास कर दिया जाएगा।”
कब?
इसका जवाब अगली बैठक में मिलेगा।

कस्बे के बच्चे बसंत को पहचानते हैं—
चित्र बनाकर।
उन्हें सिखाया गया है कि
बसंत खुशियों की ऋतु होती है।
यह पाठ्यक्रम में है,
इसलिए सही है।

घर-आँगन में अब बसंत नहीं उतरता।
उसे बुलाने की प्रक्रिया जटिल है।
समय नहीं,
फुर्सत नहीं,
और परंपरा अब नियमावली में फिट नहीं बैठती।

सच पूछो तो
बसंत आया तो है,
पर दहशत में।
उसे डर है कि
कहीं उसे भी सरकारी जमीन घोषित न कर दिया जाए।
कहीं उस पर भी बोर्ड न लग जाए—
“यहाँ प्रवेश निषेध है”।

इसलिए वह बिना शोर किए आया,
बिना महके,
और बिना टिके चला जाएगा।

बाकी कागज में सब ठीक है।
बसंत आ चुका है।

Related posts:

बाल कथक नृत्यांगना पर्णिका श्रीवास्तव देंगी कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां
पीएम आवास आवंटन पर सख्ती: प्रभारी मंत्री के निर्देश पर विभागीय जांच, सभी आवासों का भौतिक सत्यापन
नागरिक सुरक्षा के लिये स्वयं सेवक मनोनयन प्रक्रिया पूर्ण
कलेक्टर ने बिछिया में बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया
राजकीय विद्यालयों में NDRF ने सिखाए आपदा, जीवन रक्षा का प्रशिक्षण
जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों वांछित अभियुक्तों वारण्टियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान
भ्रष्टाचार की गहरी साजिश: जब दोस्त ही बन गया भंडाफोड़ की वजह
नेशनल पार्क सेंचुरी के ईकोसेंसिटिव जोन का बेसलाइन सर्वे पूरा, प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा
Spread the love with Thanks..........