डीएम ने की गांधी सभागार में सड़क सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक

जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में सड़क सुरक्षा से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के अनुपालन तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

बैठक के दौरान माह दिसम्बर में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही न होने, रोड सेफ्टी से संबंधित कार्यक्रम आयोजित न किए जाने तथा ग्राम सभाओं में सड़क सुरक्षा विषयक बैठकों के अभाव पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अधिक से अधिक वाहनों में रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। ओवरलोडिंग करने वाले माल वाहनों, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए नियमानुसार चालान किए जाएं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि दिनांक 28 जनवरी 2026 को वृहद स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाए, जिसमें विद्यालयों में गोष्ठी, रैली, टैक्सियों में जागरूकता स्टीकर लगाए जाने जैसी गतिविधियां सम्मिलित हों।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि 26 जनवरी को समस्त ग्राम पंचायतों में सड़क सुरक्षा विषय पर ग्राम सभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये बैठकें केवल औपचारिकता न हों, बल्कि प्रभावी एवं सहभागिता के साथ आयोजित की जाएं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजकीय इंटर कॉलेज एवं मेडिकल कॉलेज परिसर में आवश्यक साइनेज लगाए जाने तथा ओवरस्पीडिंग की रोकथाम हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

ओवरस्पीडिंग, नींद की अवस्था तथा नशे में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। एक्सप्रेस-वे पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण कर वहां अतिरिक्त सावधानी बरतने, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बैनर, साउंड सिस्टम आदि के माध्यम से सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Spread the love with Thanks..........