जनपद कन्नौज में आज बैकयार्ड कुक्कुट पालन योजना के अंतर्गत चयनित अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह प्रशिक्षण राजकीय पशु चिकित्सालय सदर, कन्नौज में आयोजित किया गया, जिसके उपरांत चयनित लाभार्थियों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक चयनित लाभार्थी को 50 चूजे, एक बोरी प्री-स्टार्टर दाना, कुक्कुट रोगों से बचाव हेतु आवश्यक दवाइयां तथा मुर्गीबाड़ा निर्माण के लिए ₹425 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को उनके घर पर ही स्वरोजगार उपलब्ध कराना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है।
बैकयार्ड कुक्कुट पालन से महिलाओं को नियमित आजीविका का साधन मिलेगा, वहीं परिवार को उच्च गुणवत्ता का पोषक तत्वों से भरपूर प्रोटीन युक्त मांस भी उपलब्ध होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण की समस्या को दूर करने में भी सहायता मिलेगी।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, कन्नौज द्वारा लाभार्थियों को दवाइयों का वितरण कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी सदर डा० अनिल कुमार भास्कर एवं उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी (चिकित्सा स्वास्थ्य), मुख्यालय डा० सारिका मल्ल द्वारा लाभार्थियों को कुक्कुट पालन, देखभाल, टीकाकरण, रोग नियंत्रण एवं पोषण प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।