ग्वालियर | 07 जनवरी 2026
मध्यप्रदेश के नेशनल पार्क सेंचुरी के ईकोसेंसिटिव जोन के मास्टर प्लान निर्माण के लिए घाटीगाँव अभ्यारण्य क्षेत्र में अधिकृत कंपनी श्री सांईं कंस्ट्रक्शन द्वारा बेसलाइन सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब इस सर्वे का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा।
संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, सीसीएफ श्री गोविल भारती, डीएफओ श्री अंकित पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय सहित विभागीय अधिकारी और अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बेसलाइन सर्वे में शामिल सभी गाँवों का भ्रमण किया जाए और वहाँ की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन गाँवों का गजट नोटिफिकेशन हुआ है, वे सभी मास्टर प्लान में शामिल हों और इन क्षेत्रों में प्रतिबंधित गतिविधियों की अनुमति न दी जाए।
बैठक में अधिकृत एजेंसी ने मास्टर प्लान की रूपरेखा और संभावित क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत की। अब शासन स्तर से अनुमोदन मिलने के बाद ही ईकोसेंसिटिव जोन का मास्टर प्लान अंतिम रूप देगा।