ग्वालियर | 11 जनवरी 2026
अखिल भारत हिन्दू महासभा के संरक्षण में रामकुई अखाड़ा स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का सातवें दिन विधिवत समापन हुआ। समापन अवसर पर माँ कामाख्या धाम के भागवताचार्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी ओमानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक है। इसके संदेशों को आत्मसात करने से जीवन सार्थक और संतुलित बनता है।
कथा समापन पर अखिल भारत हिन्दू महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जोशी ने कथा वाचक का सम्मान कर महाआरती की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे और भक्तिभाव से कथा श्रवण किया।
प्रदेश महामंत्री विनोद जोशी ने कहा कि रामकुई अखाड़े में स्वामी ओमानंद सरस्वती जी के सान्निध्य में दिव्य आध्यात्मिक वातावरण बना, जो समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कथा के दौरान हिन्दू जागरण का आह्वान करते हुए श्री जोशी ने बांग्लादेश में हिन्दुओं की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वहां सनातनी समाज के लोगों, विशेषकर महिलाओं के साथ हो रही घटनाएं किसी भी हिन्दू के लिए अनदेखी योग्य नहीं हैं। उन्होंने भारत सरकार से इस विषय में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि भारतीय सनातनी समाज को एकजुट होकर पीड़ित हिन्दुओं के लिए आवाज उठानी चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री लालजी शर्मा, दीपक श्रीवास्तव, संभागीय महामंत्री मनोज जाटव, संभागीय संगठन मंत्री मुकेश बघेल, मंडल महामंत्री किशोर माहौर, प्रखंड उपाध्यक्ष नीरज साहू, युवक हिन्दू महासभा के संभागीय संयोजक अखिल सक्सेना, जिला अध्यक्ष पवन माहौर, रविन्द्र कुशवाह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही लक्ष्मन बघेल, धर्मवीर राठौर, अतुल शुक्ला, जयंत राठौर, प्रहलाद बघेल, सचिन झा, शिवाशु एवं आकाश बघेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।