एनएच डेस्क, लखनऊ।
शालापूर्व शिक्षा को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से आज विकास भवन सभागार में रॉकेट लर्निंग संस्था के सहयोग से आंगनवाड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश कुमार वर्मा ने की।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने रॉकेट लर्निंग संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शालापूर्व शिक्षा के क्षेत्र में खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों का प्रयोग समय की आवश्यकता है। इससे आंगनवाड़ी केंद्रों पर शैक्षिक गतिविधियों का सुचारु संचालन सुनिश्चित होगा, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकेगी तथा डिजिटल सामग्री के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के प्रशिक्षण, शिक्षण में तकनीक के प्रभावी उपयोग तथा नवाचार आधारित शिक्षण विधियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। रॉकेट लर्निंग संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर रॉकेट लर्निंग संस्था के प्रतिनिधि श्री दीपक कौशल, श्री अमित शर्मा, श्री हृतिक शर्मा, श्री मयंक कुमार एवं श्री बृजेंद्र अग्निहोत्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त सीडीपीओ, सुपरवाइजर तथा अन्य विभागीय अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में रॉकेट लर्निंग संस्था के जिला समन्वयक, कन्नौज श्री अमित कुमार द्वारा सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।