नववर्ष के पहले दिन सर्द मौसम और फुहारों के बीच मेले में उमड़ा जनसैलाब

ग्वालियर, 01 जनवरी 2026।
नए साल के पहले दिन सुबह से ही चली शीतल बयार और रुक-रुक कर होती हल्की फुहारों ने मौसम को सर्द लेकिन सुहावना बना दिया। इसी ठंडे मौसम के बीच नववर्ष की खुशियों को मनाने बड़ी संख्या में शहरवासियों ने मेले का रुख किया। सतरंगी रोशनियों से सजे मेले के विभिन्न सेक्टरों में उत्साह, उमंग और उल्लास का नज़ारा देर शाम तक बना रहा।

मेले का झूला सेक्टर सैलानियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। ऊंचाई तक झूलते रोमांचक झूलों से गूंजती हंसी और खिलखिलाते चेहरों ने पूरे माहौल को जीवंत कर दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मिकी माउस जैसे गद्देदार झूलों पर मस्ती देखते ही बन रही थी, वहीं युवाओं और बड़ों ने भी झूलों का भरपूर आनंद लेकर नववर्ष के पहले दिन को यादगार बनाया।

ठंड के बीच गरमागरम व्यंजनों की खुशबू हर किसी को अपनी ओर खींचती नजर आई। सूप, चाट, भेलपुरी, स्वीट कॉर्न, सोफ्टी और खजला-पापड़ जैसे स्वादिष्ट पकवानों का सैलानियों ने जमकर लुत्फ उठाया। इसके साथ ही हस्तशिल्प, सजावटी सामग्री, खिलौनों और रोजमर्रा की जरूरतों की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ रही, जिससे खरीददारी का उत्साह साफ दिखाई दिया।

नववर्ष के पहले दिन उमड़ी भारी भीड़ से दुकानदारों और ठेला व्यवसायियों के चेहरों पर भी संतोष और खुशी झलकती नजर आई। मेले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजामों के बीच देर शाम तक चहल-पहल बनी रही। कुल मिलाकर, नए साल का पहला दिन मेले में उमंग, स्वाद, रोशनी और खुशियों की सौगात लेकर आया, जिसने ग्वालियरवासियों को नववर्ष की शानदार शुरुआत का एहसास कराया।

Related posts:

राज्य सेवा परीक्षा 2023 का परिणाम – सफलता की असली कुंजी अब भी ‘क्लासरूम सोच’ ही है, न कि सिर्फ ‘डिजि...
ग्वालियर में 'काव्यशाला' कवि सम्मेलन, साहित्यिक समागम का आकर्षण
डेटिंग ऐप से मुलाकात, क्लबों में भारी-भरकम बिल: सभी नागरिकों के लिए जरूरी चेतावनी
राज्यपाल को 37 वां वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया- लोकायुक्त ने की राज्यपाल से मुलाकात
कोतवाली थाना क्षेत्र के बैंकों में सुरक्षा चेकिंग
एलटीटी-हरिद्वार एसी एक्सप्रेस का ग्वालियर में ठहराव हो: एमपीसीसीआई
पीजी के बाद बॉन्ड अनिवार्य नहीं: इन-सर्विस सरकारी डॉक्टरों को हाईकोर्ट से राहत
राजस्व महाअभियान 3.0: लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान और योजनाओं पर सख्त नजर
Spread the love with Thanks..........