डीएम ने की वसूली एवं ब्लैकलिस्टेड किए जाने के खिलाफ कार्यवाही

‎सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को 50 लाख रूपये से अधिक लागत की समस्त परियोजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि जो परियोजनाएं लम्बित है उनको प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाये। अनारंभ कार्याे को शीध्र प्रारंभ कराये जाने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग बेहतर अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुये परियोजनाएं शीघ्र पूर्ण कराये। लापरवाही करने वाली कार्यदायी संस्थाओं एवं ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक, वसूली एवं ब्लैकलिस्टेड किए जाने की कार्यवाही की जाये।

‎जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि जिन निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिजों में रेलवे के स्तर से कार्य लंबित हैं, उन्हें संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र पूर्ण कराया जाये। इसके लिए नियमित रूप से पत्राचार भी किया जाये। उन्होंने कहा कि पत्रावलियों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाये तथा किसी स्तर से अनावश्यक रूप से कोई भी पत्रावली लम्बित न रखी जाये। पर्यटन विभाग द्वारा नैमिषारण्य क्षेत्र में संचालित समस्त परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाये। धीमी प्रगाति वाली संस्थाओं को कार्य की प्रगाति में सुधार के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि लापरवाही करने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

‎जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित प्रक्रिया का पालन कराते हुए शीघ्र हस्तांतरित कराया जाय। इसके सम्बन्ध में मुख्य सचिव महोदय के शासनादेश में उल्लिखित प्रक्रिया का पूर्णतया अनुपालन सुनिश्चित किया जाय। पूर्ण कार्यों की जांच समिति के माध्यम से जांच कराए जाने हेतु पत्रावली तत्काल प्रस्तुत की जाय।  पूर्ण परियोजनाओं को हैंडेड ओवर कराए जाने  में किसी भी प्रकार का विलम्ब न किया जाय। जांच समितियों के स्तर पर लंबित प्रकरणों की जांच तत्काल पूर्ण करते हुए निष्कर्षात्मक जांच आख्या प्रस्तुत की जाय।

‎बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the love with Thanks..........