राज्यमंत्री ने जनपद में कानून व्यवस्था व विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक की

एनएच डेस्क, लखनऊ।
सीतापुर। राज्यमंत्री संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन/जनपद के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में केन्द्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा प्रचलित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनपद की कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान मा0 प्रभारी मंत्री ने जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं, विकास कार्यों, निर्माण कार्यों आदि में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की विभागवार गहन समीक्षा की। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आम जनमानस के स्वास्थ्य, शिक्षा, भरण पोषण, आवास आदि से सम्बन्धित जितनी भी योजनाएं चालू की गयी हैं, उन सबका लाभ प्रत्येक दशा में पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा आम जनमानस में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मा0 प्रभारी मंत्री जी ने निर्देश दिये कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये तथा खराब ट्रांसफार्मर को निर्धारित समयावधि में ठीक कराया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी विकास खण्डों में रोजगार मेले आयोजित कराते हुये अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाया जाये। मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाये। मा0 प्रभारी मंत्री ने बाढ़ क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि योजनाओं को समय से पूर्ण करायें। नई सड़कों के निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ कराया जाये। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत पात्रों को आवास आवंटित कराया जाये तथा आवास निर्माण के कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाये। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक स्ट्रीट वैण्डर्स को द्वितीय एवं तृतीय किश्त से भी लाभान्वित किया जाये। निर्माण कार्यों से संबंधित विभाग आवश्यक अनुमतियां अवश्य प्राप्त करें। गौआश्रय स्थलों में मानकों के अनुरूप समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। बैंकों के माध्यम से संचालित योजनाओं से लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाये एवं उन्हें पूरी जानकारी उपलब्ध करायी जाये।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों हेतु बेसिक सुविधाओं, इमरजेंसी व्यवस्था, एंबुलेंस की स्थिति आदि के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप आयुष्मान कार्ड जारी किए जाए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान समय से किया जाना भी सुनिश्चित करें। जल जीवन मिशन के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सड़कों के रिस्टोरेशन का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ कराया जाये। उन्होंने कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिये कि पाइप डालने के उपरान्त खुदी हुये सड़कों का गुणवत्तापूर्ण रिस्टोरेशन कराया जाये।
बैठक के दौरान मा0 जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुये क्षेत्र की समस्याओं को मा0 प्रभारी मंत्री को अवगत कराया, जिस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
‎‎ जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने बैठक में उपस्थित सभी मा0 विधायकगण सहित सम्मानित जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिये गये दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, अपराधियों के विरूद्ध की गयी कार्यवाही आदि का विवरण प्रस्तुत किया। जनपद में उत्कृष्ट कार्यों का विवरण पी0पी0टी0 के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दौरान मा0 कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान, मा0 विधायक बिसवां निर्मल वर्मा, मा0 विधायक महमूदाबाद आशा मौर्य, मा0 विधायक सेवता ज्ञान तिवारी, मा0 विधायक सिधौली मनीष रावत, मा0 सांसद मिश्रिख प्रतिनिधि राज कुमार सोनी, मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts:

Spread the love with Thanks..........