एनएच डेस्क, लखनऊ।
(वेद प्रकाश)
अमेठी। कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए जिले के होनहार युवक अभिषेक यादव ने एसएससी जीडी परीक्षा में देशभर में 12वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।
अभिषेक यादव के पिता केदारनाथ यादव एक सामान्य किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की शिक्षा और सपनों को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। अभिषेक संग्रामपुर ब्लॉक के पतऊ का पुरवा, कालिकन के निवासी हैं और साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने यह असाधारण मुकाम हासिल किया है।
अभिषेक ने अपनी परीक्षा की तैयारी अमेठी की एक निजी लाइब्रेरी में रहकर पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ की। बिना किसी बड़े कोचिंग संस्थान के, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के बल पर उन्होंने यह सफलता अर्जित की, जो आज के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।हरे कृष्णा लाइब्रेरी संचालक प्रत्यूष यादव ने उसकी सफलता हर्ष व्यक्त किया है।
उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने अभिषेक यादव को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने कहा कि अभिषेक की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी बाधा टिक नहीं सकती।

अभिषेक यादव की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अमेठी जिले के युवाओं के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।