ग्वालियर, 10 जनवरी।
ग्वालियर व्यापार मेला प्रारंभ होने के बावजूद वाहनों की खरीद पर दी जाने वाली आरटीओ/रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट की अधिसूचना अब तक जारी न होने से व्यापारियों और ग्राहकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस विषय को लेकर मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (MPCCI) ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर तत्काल निर्णय लेने की मांग की है।
MPCCI पदाधिकारियों ने बताया कि विगत सात वर्षों से लगातार ग्वालियर व्यापार मेला अवधि में वाहन क्रय पर यह छूट राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाती रही है। गत वर्ष भी मेला समाप्ति तक यह सुविधा लागू रही, लेकिन इस वर्ष अब तक अधिसूचना जारी न होने से वाहन खरीदने के इच्छुक उपभोक्ता निराश हैं और व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
MPCCI अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव पवन कुमार अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष संदीप नारायण अग्रवाल ने कहा कि ऑटोमोबाइल सेक्टर ग्वालियर व्यापार मेले का प्रमुख आकर्षण होता है। इससे न केवल वाहन उद्योग को गति मिलती है, बल्कि मेले में लगे अन्य व्यवसायों में भी बिक्री और चहल-पहल बढ़ती है।
पदाधिकारियों के अनुसार व्यापार मेले में स्टॉल लगाने के लिए व्यवसायियों को भारी खर्च उठाना पड़ता है। यदि रोड टैक्स में छूट समय पर लागू होती है, तो इससे व्यापारियों को राहत मिलेगी और उपभोक्ताओं का रुझान भी बढ़ेगा।
MPCCI ने शासन से मांग की है कि गैर-परिवहन यानों एवं छोटे परिवहन यानों पर, केवल मेला अवधि में विक्रित वाहनों के लिए, पूर्व वर्षों की भांति 50 प्रतिशत रोड टैक्स छूट तत्काल लागू की जाए। इससे एक ओर मेले का आकर्षण बढ़ेगा, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार को भी कम समय में एक ही स्थान से अधिक राजस्व की प्राप्ति संभव होगी।