विदिशा | 17 जनवरी 2026
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज मध्य प्रदेश को सड़क बुनियादी ढांचे की बड़ी सौगात देते हुए लगभग 4,400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम विदिशा में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में लगभग 180 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क किसी भी राज्य के आर्थिक विकास की रीढ़ होता है और इन परियोजनाओं से मध्य प्रदेश की कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी।
नवीन और चौड़ी सड़कों के निर्माण से यात्रा समय में कमी, दुर्घटनाओं में नियंत्रण और परिवहन लागत घटने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे कृषि, उद्योग, व्यापार और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं दूरस्थ अंचलों की मुख्य मार्गों से बेहतर जुड़ाव सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे प्रदेश के लिए विकास का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर मध्य प्रदेश को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर वाला राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।