Dr. TN Singh
-NH Desk, Muzaffarpur, Bihar
मुजफ्फरपुर 26 सितंबर 2025. ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की एक महत्वपूर्ण बैठक विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से पीएचडी प्रश्नपत्र लीक, विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा छात्रों के साथ की जा रही बदसलूकी, प्रमाण पत्र जारी करने में अनियमितता व भ्रष्टाचार, राज्य सरकार के कानून के अनुसार एससी/एसटी छात्रों एवं सभी वर्ग की छात्राओं को नि:शुल्क शिक्षा दिए जाने की व्यवस्था के बावजूद मनमानी फीस वसूली, सत्र अनियमितता तथा परिणाम (रिजल्ट) में देरी व व्यापक गड़बड़ियों जैसे गंभीर मुद्दों पर गहन चर्चा और बहस हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए एआईडीएसओ के बिहार राज्य अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय में अराजकता अपनी चरम सीमा पर पहुँच चुकी है। पीएचडी प्रश्नपत्र लीक के दोषी अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। छात्र परीक्षा, परिणाम और प्रमाण पत्र जैसे बुनियादी अधिकारों के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं। समस्याओं के समाधान के लिए न तो कोई निश्चित समय सीमा तय है और न ही कोई पारदर्शी प्रक्रिया। इसके विपरीत, अपने काम से संबंधित जायज़ मांगों को लेकर विश्वविद्यालय आने वाले छात्रों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बदसलूकी व मारपीट तक की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि यह स्थिति केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सरकारी शिक्षा व्यवस्था को योजनाबद्ध तरीके से ध्वस्त करने की नीति का ही नतीजा है, जिसके कारण वर्षों से विश्वविद्यालयों में अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला बना हुआ है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस व्यवस्था के खिलाफ चरणबद्ध ढंग से आंदोलन को तेज करें।
संगठन के बिहार विश्वविद्यालय प्रभारी शिव कुमार ने जानकारी दी कि शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर कल, 27 सितंबर को विश्वविद्यालय में व्याप्त घोर अराजकता और भ्रष्टाचार के विरोध में एआईडीएसओ की ओर से आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। आगामी कार्यक्रम के तहत सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालय के विभागों में हजारों छात्र-छात्राओं का हस्ताक्षर इकट्ठा कर कुलाधिपति सह राज्यपाल महोदय को सौंपा जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय के समक्ष एक जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में एआईडीएसओ के बिहार राज्य अध्यक्ष विजय कुमार, विश्वविद्यालय प्रभारी शिव कुमार, राज्य कार्यकारिणी सदस्य ललित कुमार झा एवं रूपा कुमारी, जिला कमिटी सदस्य अभिषेक कुमार, अली अख्तर, साहू प्रदीप और श्याम भरोश कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उक्त आशय की जानकारी विज्ञप्ति के माध्यम से अभिषेक कुमार ने दी है।