जिला उद्योग केंद्र में बैंकों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न

एनएच डेस्क, लखनऊ।

शाहजहांपुर।उपायुक्त उद्योग की अध्यक्षता में आज जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैंकों के प्रतिनिधियों एवं लम्बित फाइलों के आवेदकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा तथा कम प्रगति वाली बैंकों से प्रगति बढ़ाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने उन बैंकों की समीक्षा की जिनकी प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि प्रेषित की गई फाइलों को शीघ्रता से स्वीकृत किया जाए तथा स्वीकृत फाइलों का तत्काल डिस्बर्समेंट सुनिश्चित कर लाभार्थियों को धनराशि उपलब्ध कराई जाए, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का लाभ मिल सके।

उपायुक्त उद्योग ने कहा कि बैंक अपने स्तर से भी 2-2 पात्र लाभार्थियों के आवेदन उपलब्ध कराए, ताकि योजना का व्यापक लाभ पत्रों तक पहुंच सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। यदि आवेदक पात्र है, तो तत्काल फाइल पर अग्रिम कार्यवाही करते हुए समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है, इसलिए सभी संबंधित विभागों और बैंकों की यह जिम्मेदारी है कि वे आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजना के लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।
बैठक में उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के अधिकारीगण एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the love with Thanks..........