सागर, 2026/ सागर जिले के लिए गौरव का विषय बनते हुए सागर निवासी ऋतिका साहू ने शिक्षा के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर (मध्यप्रदेश) के पंचम दीक्षांत समारोह 2026 में उन्हें MBA (Finance) में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें महामहिम मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
राज्यपाल के हाथों यह प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक प्राप्त होना न केवल ऋतिका साहू की प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम का प्रमाण है, बल्कि यह उपलब्धि सागर जिले, सम्पूर्ण प्रदेश एवं साहू समाज के लिए भी गर्व और प्रेरणा का विषय बनी है।
उल्लेखनीय है कि ऋतिका साहू, भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री सत्येंद्र साहू की भांजी हैं। उनकी इस शैक्षणिक सफलता पर समाज के गणमान्यजनों, शुभचिंतकों एवं परिजनों द्वारा लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।
सभी ने ईश्वर से कामना की है कि ऋतिका साहू आगे भी शिक्षा एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करें और अपने परिवार, समाज व जिले का नाम निरंतर रोशन करती रहें।
