ग्वालियर में ‘युवा संगम’ बनेगा रोज़गार का बड़ा मंच, 22 कंपनियां देंगी युवाओं को भविष्य की दिशा

ग्वालियर।
बेरोज़गारी और कौशल के बीच की दूरी को पाटने के उद्देश्य से ग्वालियर में 27 जनवरी 2026 को एक अहम पहल होने जा रही है। जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा शासकीय आईटीआई बिरलानगर के संयुक्त आयोजन में ‘युवा संगम कार्यक्रम’ के तहत एक विशाल रोज़गार एवं स्वरोज़गार मेला आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय, रेडीमेड गारमेंट पार्क, गदाईपुरा (कार्यालय परिसर) में संपन्न होगा।

इस आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है, क्योंकि इसमें स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर की 22 प्रतिष्ठित कंपनियां सीधे चयन प्रक्रिया के तहत विभिन्न पदों पर 1500 से अधिक युवाओं को अवसर देने जा रही हैं।

एक मंच, अनेक अवसर

युवा संगम कार्यक्रम में Paytm, Rapido, L&T CSTI (अहमदाबाद), Tata Strive, SRF, Jamuna Auto, Lumax, Crispy Pvt. Ltd., Steel Strips Wheels, Modern Garments, Jobs Fair Now सहित कई जानी-मानी कंपनियां भाग ले रही हैं।
इन कंपनियों द्वारा फील्ड सेल्स एक्जीक्यूटिव, ड्राइवर, मशीन ऑपरेटर, अप्रेंटिस ट्रेनी, ट्रेनी, सिक्योरिटी गार्ड, सिटी मैनेजर, दर्जी-कारीगर, रिलेशनशिप मैनेजर जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। खास बात यह है कि कुछ कंपनियों ने महिलाओं के लिए भी विशेष पद आरक्षित किए हैं।

योग्यता से लेकर वेतन तक व्यापक दायरा

इस रोजगार मेले में 8वीं से लेकर स्नातकोत्तर तक शिक्षित युवा भाग ले सकते हैं। पदों के अनुसार 18 से 50 वर्ष तक आयु सीमा निर्धारित की गई है।
चयनित युवाओं को 9,825 रुपए से 50,000 रुपए प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा, जबकि कुछ पदों पर 6 लाख रुपए वार्षिक पैकेज की सुविधा भी है। कार्यस्थल के रूप में ग्वालियर, मालनपुर, इंदौर, भोपाल, दिल्ली, नोएडा, मेरठ, अहमदाबाद और भीलवाड़ा जैसे शहर शामिल हैं।

रोज़गार के साथ स्वरोज़गार की राह

कार्यक्रम की एक बड़ी विशेषता यह भी है कि जो युवा नौकरी के बजाय स्वरोज़गार की राह चुनना चाहते हैं, उनके लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, ग्वालियर द्वारा ऋण प्रकरण तैयार कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे युवाओं को अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने में सीधा सहयोग मिलेगा।

दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन क्रमांक, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और नवीनतम बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा।

युवा संगम कार्यक्रम केवल एक रोजगार मेला नहीं, बल्कि यह युवाओं के सपनों, कौशल और आत्मनिर्भरता को एक ठोस मंच देने की कोशिश है, जहां भविष्य की राह मौके से मिलती है।

Spread the love with Thanks..........