जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाओं को सुना अधिकारियों को दिया निर्देश : केंद्रीय मंत्री

एनएच डेस्क, जयपुर।

जयपुर 02 जनवरी। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को अलवर में हसन खां मेवात नगर स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनसुनवाई में आई 534 परिवेदनाओं के सम्बंध में उन्होंने पूरा फीडबैक लिया ।

   श्री यादव ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अलवर के चहुंमुखी विकास के उद्देश्य से साथ जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की परिवेदनाओं का त्वरित निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय में भी फरियादी कभी भी परिवेदनाएं दे सकते हैं। जनसुनवाई में पेयजल, बिजली, सड़क, खेल मैदान, स्थानांतरण, पट्टे, पुलिस आदि की परिवेदनाएं प्रमुख रही, जिस पर श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि परिवेदनाओं का गुणवत्ता के साथ त्वरित निराकरण करना सुनिश्चित करें।

एक प्रतिनिधि मंडल ने श्री खाटूश्याम जी जाने वाले पदयात्रियों को एनएच-248 ए (नटनी के बारां से ढाईपेड़ी) के प्रगतिरत कार्य की वजह से पदयात्रा के दौरान असुविधा होने के संबंध में अवगत कराया, जिस पर श्री यादव ने दूरभाष से एनएचएआई पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि पदयात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए इस क्षेत्र में रोड के दोनों साइड में मिट्टी डलवाएं।

 अलवर रेलवे स्टेशन पर स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस एवं मालाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस, रानीखेत एक्सप्रेस, बाड़मेर सुपरफास्ट के ठहराव एवं चंबल एक्सप्रेस का विस्तार हनुमानगढ़ तक करने की मांग पर उन्होंने कहा कि रेल मंत्री से मिलकर इस विषय पर सकारात्मक दिशा में कार्य कराया जाएगा। रैणी तहसील के ग्राम उकेरी के निवासियों ने दुगावाली की कोठी से टुडियाणा मालीबाग तक डामर सड़क निर्माण करवाने एवं सरिस्का के अकबरपुर रेंज में विस्थापित होने वाले गांव बेरा के निवासियों ने यथाशीघ्र विस्थापन की मांग रखी।

इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के दिशा-निर्देश दिये। मिर्जापुर में महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कमरे एवं ई-लाइब्रेरी का निर्माण, राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय, अलवर के प्राचार्य ने खेल मैदान से लगती हुई भूमि को निजी खातेदार द्वारा दान किए जाने की प्रक्रिया को पूर्ण करवाने एवं खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए खेल मैदान तथा रनिंग ट्रेक निर्माण की मांग की, जिस पर केंद्रीय वन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

 जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने स्थानीय निवासियों की मांग पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए शाहजहांपुर में 4 करोड रुपए के बजट से खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करवाने एवं सांसद निधि कोष से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान की चारदीवारी के निर्माण की घोषणा की तथा शाहजहांपुर से बर्डाेद एमडीआर सडक निर्माण की मांग पर स्वीकृति दी।

   इस दौरान रामगढ़ विधायक श्री सुखवंत सिंह, जिला प्रमुख श्री बलवीर छिल्लर, पूर्व विधायक श्री जयराम जाटव डेयरी चेयरमैन श्री नितिन संगवान, श्री अशोक गुप्ता, श्री महासिंह चौधरी, श्री राजेंद्र गंडुरा सहित अन्य प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related posts:

वैज्ञानिक सोच अपनाने से मैनेजमेंट की प्रभावशीलता सौ गुना बढ़ती है : प्रो. आर.के. कोटनाला
पीतांबरा पीठ की परंपरागत स्वायत्तता पर सवाल, प्रशासनिक समिति से असमंजस
भोपाल: सीएम मोहन यादव ने एक बार फिर से संवेदनशीलता दिखाई है। साथ ही महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ से क...
अब दुपहिया वाहन खरीदते समय हेलमेट लेना अनिवार्य होगा
लखनऊ में विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 3.0 शिविर आयोजित
भारत-पाक DGMO वार्ता तकनीकी कारणों से स्थगित, शाम 5 बजे होगी बातचीत; भारतीय सेना ने प्रेस को किया सं...
ग्वालियर व्यापार मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग का निरीक्षण, मौके पर ही की खाद्य पदार्थों की जांच
एलटीटी-हरिद्वार एसी एक्सप्रेस का ग्वालियर में ठहराव हो: एमपीसीसीआई
Spread the love with Thanks..........