कन्नौज। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जानकारी दी है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत प्रदेश के निराश्रित, अनाथ एवं संकटग्रस्त बच्चों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इस जनकल्याणकारी योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे बच्चों को शिक्षा, पोषण एवं सम्मानजनक जीवन यापन हेतु आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ऐसे पात्र बच्चों को लाभ प्रदान किया जाता है जिनके माता-पिता दोनों अथवा किसी एक की मृत्यु दिनांक 01 मार्च 2020 के पश्चात हुई हो। शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक पात्र परिवार के अधिकतम दो बच्चों को शिक्षा एवं पालन-पोषण हेतु ₹2500-₹2500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता सीधे प्रदान की जाती है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु जनपद स्तर पर पात्र लाभार्थी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नवनिर्मित ऑनलाइन पोर्टल mbsyup.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
जिलाधिकारी ने रामगंगा में 555 कछुयें छोड़ संरक्षण का दिलाया संकल्प
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई ऐसा पात्र बच्चा है जो इस योजना से वंचित है, तो उसके अभिभावक अथवा संबंधित व्यक्ति ऑनलाइन आवेदन कराएं अथवा जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय / जिला बाल संरक्षण इकाई, कन्नौज स्थित विकास भवन के कक्ष संख्या S-14 में संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे।