NH Desk, (Lucknow)
आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में यूविन पोर्टल तथा आयुष्मान योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने यूविन पोर्टल पर की जा रही फीडिंग की प्रगति को संतोषजनक बताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की सराहना की। उन्होंने निर्देशित किया कि इसी प्रकार निरंतर प्रयास करते हुए गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीकरण एवं फीडिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि लाभार्थियों को समयबद्ध सेवाएं प्राप्त हो सकें।
आयुष्मान योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि दिनांक 18 फरवरी तक ब्लॉकवार कुल 707 ऑपरेटर आईडी के सापेक्ष केवल 98 आईडी ही सक्रिय हैं, जबकि 609 आईडी निष्क्रिय पाई गईं। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में शिथिलता अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध शासन को पत्राचार किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जनपद में कुल 1237 ऑपरेटर आईडी निर्मित की गई हैं, जिनमें से मात्र 345 सक्रिय हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी निष्क्रिय आईडी को शीघ्र सक्रिय कराते हुए आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।