ग्वालियर।
ज्ञान, विद्या और शुभता के पर्व बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में आज चतुर्थ सर्वजातीय निःशुल्क विवाह एवं निकाह सामूहिक समारोह का आयोजन कटोराताल के सामने स्थित ‘जनकपुरी’ मैदान में किया जा रहा है। विवाह स्थल को पूरी तरह भव्य रूप में सजाया गया है और आयोजन को लेकर शहर में उत्सव जैसा वातावरण है।
इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में 51 जोड़ों के विवाह एवं निकाह संपन्न कराए जाएंगे। बसंत पंचमी के शुभ मुहूर्त में हो रहे इस आयोजन को सामाजिक समरसता और सामूहिक सहयोग का सशक्त उदाहरण माना जा रहा है। विवाह स्थल पर 51 सुसज्जित मंडप तैयार किए गए हैं, जहाँ आज विधि-विधान से विवाह रस्में होंगी।
महिला संगीत में उमड़ा उल्लास, भावनाओं का दिखा संगम
समारोह से एक दिन पूर्व महिला संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कन्यापक्ष की सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक विवाह गीतों और नृत्य के माध्यम से खुशियां साझा कीं। बेटियों के नृत्य को देखकर परिजन भावुक हो उठे और कई माताओं की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। कार्यक्रम में उत्साह, परंपरा और अपनत्व का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
40 हजार अतिथियों के लिए विशाल भोजन व्यवस्था
जन उत्थान न्यास द्वारा आयोजन में शामिल होने वाले लगभग 40 हजार लोगों के लिए व्यापक भोजन व्यवस्था की गई है। गुरुवार दोपहर से भोजन निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। विवाह स्थल परिसर और उसके आसपास अलग-अलग स्थानों पर भोजन वितरण की व्यवस्था की गई है, जिसकी निगरानी के लिए विशेष समितियाँ गठित की गई हैं।
भव्य बारात, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से स्वागत
आज प्रातः अचलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद 51 दूल्हों की बारात विवाह स्थल के लिए रवाना होगी। बारात सनातन धर्म मंदिर, इंद्रगंज चौराहा, दाल बाजार और राजपायगा रोड से होते हुए जनकपुरी मैदान पहुंचेगी। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। 51 घोड़ों पर सवार दूल्हों की बारात शहर के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।
हर कन्या को स्कूटी, हेलमेट और गृहस्थी का संपूर्ण सामान
जन उत्थान न्यास के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने बताया कि सभी 51 कन्याओं को स्कूटी के साथ हेलमेट प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा कन्याओं को फ्रिज, कूलर, एलईडी टीवी, अलमारी, पलंग, बर्तन, कपड़े, रजाई-गद्दे सहित गृहस्थी का संपूर्ण सामान भी दिया जाएगा, ताकि वे सम्मानपूर्वक नए जीवन की शुरुआत कर सकें।
51 कारों से होगी विदाई
विवाह की सभी रस्में पूर्ण होने के बाद 51 कारों से कन्याओं की विदाई कराई जाएगी। ये वाहन कन्याओं को उनके ससुराल तक सुरक्षित पहुंचाएंगे।
सामाजिक संदेश
बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित यह सामूहिक विवाह सम्मेलन न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहयोग का माध्यम है, बल्कि समाज में सर्वजातीय समरसता, समानता और सामूहिक सहभागिता का मजबूत संदेश भी देता है।