सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए समाज ने बढ़ाया मदद का हाथ

ग्वालियर, 22 जनवरी 2026: जिले के सरकारी स्कूलों के बच्चों को बैंच उपलब्ध कराने के लिए समाज के सेवाभावी नागरिक भी आगे आ रहे हैं। लोकनिर्माण विभाग से सेवानिवृत अधीक्षण यंत्री ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर 50 हजार रुपये की सहयोग राशि कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान को सौंपी।

सेवानिवृत अधिकारी ने सहयोग राशि सौंपते हुए कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों की शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना है और वह अपना नाम मीडिया में प्रकाशित न करने की इच्छा रखते हैं। उनका कहना था कि सरकारी प्रयासों के साथ समाज की भागीदारी भी आवश्यक है, और यह हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह अपनी सामर्थ्य के अनुसार मदद करे।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने इस पुनीत पहल के लिए उनके प्रति श्रद्धाभाव व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इससे जिले के अन्य सेवाभावी नागरिक भी प्रेरित होंगे। उन्होंने बताया कि जिले के सभी शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपए की बैंचों की आवश्यकता है। एक बैंच का खर्च 2050 रुपए है, और अब तक जिला प्रशासन के माध्यम से लगभग 30 लाख रुपए की सहयोग राशि जुटाई जा चुकी है। चिन्हित वेंडर के द्वारा बैंच बनाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

Spread the love with Thanks..........