(डॉ टीएन सिंह) जिला ब्यूरो चीफ मुजफ्फरपुर,
NH 24 न्यूज़
मुजफ्फरपुर: सरैया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवादा में गुरुवार को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल से आई विशेषज्ञ नेत्र सहायकों की टीम ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की आंखों की विस्तृत जांच की। शिविर के दौरान बच्चों में नेत्र रोगों की प्रारंभिक पहचान पर विशेष ध्यान दिया गया। नेत्र सहायक जुली मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में नेत्र सहायक संस्कृति श्रीवास्तव एवं संजना प्रधान भी शामिल रहीं।
नेत्र सहायक जुली मिश्रा ने बताया कि जांच प्रक्रिया के तहत बच्चों का पहले रजिस्ट्रेशन किया गया, उसके बाद विजन टेस्ट और रेटिना की जांच की गई। जांच के दौरान कुल 10 बच्चों की आंखों में गड़बड़ी पाई गई, जिन्हें आगे की समुचित जांच एवं उपचार के लिए रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच से बच्चों की आंखों की गंभीर समस्याओं को रोका जा सकता है।
विद्यालय प्रशासन ने इस तरह के स्वास्थ्य शिविर को बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। शिविर के आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों ने सक्रिय सहयोग किया, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सका। मौके पर हरिनारायण सिंह, श्यामलाल राम, रागिनी कुमारी, अजित कुमार, भीष्म कुमार, राजीव कुमार सहित कई शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित थे।