हज 2026 के लिए उड़ानों का शेड्यूल तय कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार अप्रैल माह में मुंबई से मदीना के लिए पहली हज फ्लाइट रवाना होगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से जेद्दा के लिए भी उड़ानें संचालित की जाएंगी।
मध्य प्रदेश के हज यात्रियों के लिए इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। भोपाल से सीधी हज उड़ानों की सुविधा नहीं रहेगी और प्रदेश के सभी चयनित हज यात्रियों को इंदौर एयरपोर्ट से ही उड़ान भरनी होगी। इससे प्रदेश के हजारों हज यात्रियों की यात्रा योजना इंदौर केंद्रित हो गई है।
हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार उड़ान चुनने के लिए ऑनलाइन सेल्फ-बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। निर्धारित अवधि में बुकिंग नहीं करने की स्थिति में यात्रियों को उपलब्ध उड़ानों में से समिति द्वारा उड़ान आवंटित की जाएगी।
हज 2026 की उड़ानें अप्रैल से मई के बीच संचालित होंगी, जिसमें पहले चरण में मदीना और दूसरे चरण में जेद्दा के लिए यात्राएं कराई जाएंगी। यह व्यवस्था देशभर के हज यात्रियों की सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा को ध्यान में रखकर की गई है।
