विगत दिनों से जनपद में पड़ रही भीषण ठंड एवं शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा गोवंश संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारियों एवं उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि विकास खण्ड अंतर्गत संचालित सभी गोवंश आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों को ठंड से बचाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि गोवंश संरक्षण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. सरदूल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद कन्नौज में वर्तमान में स्थायी, अस्थायी, कांजी हाउस, कान्हा उपवन सहित पंजीकृत एवं अपंजीकृत कुल 163 गोवंश आश्रय स्थल संचालित हैं। समस्त गोवंश आश्रय स्थलों में ठंड से बचाव हेतु तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था, शीतलहर से राहत के लिए अलाव की निरंतर व्यवस्था, गोवंशों को ढकने के लिए काउकोट की उपलब्धता तथा उनके पोषण हेतु पर्याप्त मात्रा में साईलेज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा गोवंश आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी गोवंश को ठंड के कारण किसी प्रकार की क्षति न हो।