(रंजीत सिंह भदौरिया)
छतरपुर। थाना यातायात परिसर, छतरपुर में यातायात जागरूकता के उद्देश्य से नवनिर्मित ट्रैफिक पार्क का लोकार्पण किया गया। इस ट्रैफिक पार्क का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को यातायात नियमों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। नवनिर्मित ट्रैफिक पार्क में यातायात सिग्नल, संकेतक, ज़ेबरा क्रॉसिंग, रोड क्रॉस, बस स्टैंड, स्कूल, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, स्पीड लिमिट, फुटपाथ, संकरी सड़क, पुलिया एवं गलियों से संबंधित मॉडल, बोर्ड एवं बैनर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त, पार्क में आकर्षक चित्रकारी के माध्यम से हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा गलत ओवरटेकिंग से बचने जैसे महत्वपूर्ण संदेश प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किए गए हैं। वेस्ट टू बेस्ट अभियान के अंतर्गत कबाड़ सामग्री का उपयोग कर विभिन्न संरचनाएं भी तैयार की गई हैं।
ट्रैफिक पार्क में एक खुला मंच भी विकसित किया गया है, जिससे स्कूल, कॉलेज एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा यातायात जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।
पार्क के निर्माण में विभिन्न विभागों, नगर पालिका, व्यापारियों एवं जन सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान यातायात जागरूकता, सड़क सुरक्षा, राहवीर अभियान, हेलमेट बैंक, चित्रकारी एवं पेंटिंग प्रोजेक्ट में सहयोग करने वाले नागरिकों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। यह पहल सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक सराहनीय कदम है।