सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत बिसवां में स्थापित सी0एफ0सी0 के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। प्रेजेंटेशन के माध्यम से सी0एफ0सी0 की स्थापना, संरचना, क्रियाकलापों आदि विवरण जिलाधिकारी महोदय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत चयनित उत्पाद दरी उद्योग के विकास के लिये सी0एफ0सी0 के माध्यम से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जायें। उन्होंने कॉमन फैसिलिटी सेंटर के सुचारू संचालन के निर्देश भी दिये, जिससे दरी उद्योग से जुड़े उद्यमी बुनकर इसका पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सी0एफ0सी0 हेतु आगामी एक वर्ष के लिये प्रस्तावित कार्ययोजना के लक्ष्यों को ससमय पूर्ण किया जाये। उन्होंने कहा कि सी0एफ0सी0 की क्रियाशीलता एवं पारदर्शिता बढ़ायी जाये।
नैमिषारण्य क्षेत्र में एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत चयनित दरी उत्पाद के विक्रय हेतु आकर्षक आउटलेट बनाये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये। उन्होंने कहा कि दरी उत्पादों की ब्राडिंग एवं प्रमोशन हेतु ग्लोसाइन बोर्ड स्थापित किये जायें। व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच के लिये बड़े शहरों जैसे लखनऊ में स्थित शापिंग काम्पलेक्स/मॉल के माध्यम से विक्रय हेतु समुचित कार्यवाही के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये, जिससे दरी उद्योग में लगे हुये उद्यमियों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनपद के भीतर होने वाले आयोजन में स्वागत में दरी के उत्पाद को दिये जाने को प्रोत्साहित किया जाये। उपायुक्त उद्योग संजय सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ओ0डी0ओ0पी0 योजनान्तर्गत बिसवां में स्थापित सी0एफ0सी0 के क्रिया कलापों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या, उपायुक्त उद्योग संजय सिंह, सहित संबंधित अधिकारी, सी0एफ0सी0 संचालन समिति के सदस्य व उद्यमीगण उपस्थित रहे।
