ग्वालियर | 28 जनवरी 2026
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसमस्याओं एवं मानव अधिकारों से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
सिटी सेंटर स्थित भू-अभिलेख कार्यालय परिसर में मानव अधिकार आयोग, आयोग मित्र समिति एवं शिकायत प्रकोष्ठ कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डॉ. सिंह ने मानव अधिकारों से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द और शांति की स्थापना तभी संभव है जब संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा हो, और यह जिम्मेदारी केवल आयोग तक सीमित नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक के प्रारंभ में अध्यक्ष डॉ. सिंह ने अधिकारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मानव अधिकार संरक्षण की बुनियाद संवेदनशील दृष्टिकोण और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी होती है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि शिकायतों को केवल औपचारिकता न मानते हुए मानवीय दृष्टिकोण से देखा जाए।
इस अवसर पर डीआईजी ग्वालियर अमित सांघी, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल तथा जेल उप अधीक्षक विपिन डंडौतिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष का स्वागत किया।
बैठक में आयोग मित्र समिति के सदस्य सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अवधेश श्रीवास्तव, आयोग मित्र डॉ. दीपक शर्मा, अधिवक्ता आलोक बंधु श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. सिंह ने आयोग मित्र कार्यालय का निरीक्षण भी किया तथा मानव अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात मानव अधिकार आयोग अध्यक्ष ने जयारोग्य चिकित्सालय (1000 बिस्तर अस्पताल) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की सुविधाओं, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थागत सुधार एवं मरीज-हितैषी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा जनसमस्याओं के समाधान और मानव अधिकारों की रक्षा हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर अजय यादव, दीपेंद्र यादव, शैलेन्द्र अहिरवार, राहुल भदौरिया, हरिप्रकाश सिंह कौरव, जितेंद्र बघेल एवं अर्जुन सिंह पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।