डीएम की अध्यक्षता में तहसील दिवस सम्पन्न, 96 शिकायतें प्राप्त 3 का मौके पर निस्तारण

एनएच डेस्क, लखनऊ।

‎शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील पुवायां में किया गया। जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारित कराया। संपूर्ण समाधान दिवस में ‎‎ राजस्व-53, पुलिस-16, विकास -09, समाज कल्याण 02 अन्य 16 सहित कुल 96 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।

तहसील दिवस के दौरान कानूनगो अनूप सक्सेना द्वारा धारा 24 के अंतर्गत भूमि की पैमाइश न करने, लेखपाल अखिलेश द्वारा अंश निर्धारण की कार्रवाई न करने के संबंध में पैसे लेने की शिकायत प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी पुवायां को संबंधित कार्मिकों के निलंबन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिस भी कानूनगो, लेखपाल अथवा अन्य कार्मिक के विरुद्ध काम न करने या पैसे लेने की शिकायत प्राप्त होती है, उसके विरुद्ध तत्काल निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि भूमि पर कब्जा दिलाने के बाद यदि पुनः अवैध रूप से कब्जा करने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए जेल भेजने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारी पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी पुवायां चित्रा निर्वाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विवेक कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love with Thanks..........