HIV से माता-पिता की मौत के बाद 8 साल का मासूम बेसहारा, मां का शव अकेले पहुंचाया पोस्टमार्टम हाउस, जमीन को लेकर जताया खतरा

एटा (उत्तर प्रदेश)।
एटा जिले से सामने आई यह घटना न सिर्फ इंसानियत, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। HIV संक्रमण से माता-पिता को खो चुके 8 वर्षीय मासूम को मां की मौत के बाद शव लेकर अकेले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचना पड़ा, क्योंकि रिश्तेदारों ने साथ छोड़ दिया।

जैथरा थाना क्षेत्र के नगला धीरज गांव निवासी महिला की 14 जनवरी की रात वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला HIV से संक्रमित थीं। इससे पहले करीब एक साल पूर्व उनके पति की भी इसी बीमारी से मृत्यु हो चुकी थी।

17 घंटे तक नहीं आया कोई रिश्तेदार

मौत के बाद सुबह करीब 7 बजे मासूम बेटा अपनी मां का शव लेकर जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा, लेकिन पंचनामा के लिए जरूरी गवाह तक नहीं मिल सके।
करीब 17 घंटे तक कोई रिश्तेदार शव को कंधा देने नहीं पहुंचा, जिससे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी रुकी रही।

“मेरी जमीन छीन लेंगे” — मासूम का आरोप

मीडिया और पुलिस को दिए बयान में बच्चे ने आशंका जताई कि उसके पट्टीदार उसकी जमीन हड़पना चाहते हैं।
उसका कहना है कि करीब 5 बीघा जमीन पर रिश्तेदारों की नजर है, और मां की बीमारी के दौरान भी किसी ने मदद नहीं की।

बच्चे के अनुसार, वह खुद ही मां को फर्रुखाबाद, कानपुर और दिल्ली तक इलाज के लिए ले गया, लेकिन हालात बिगड़ने पर एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रशासन ने संभाला अंतिम संस्कार

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर प्रशासन ने हस्तक्षेप किया।
जैथरा थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि राजस्व विभाग और पुलिस की निगरानी में महिला का अंतिम संस्कार कराया गया, साथ ही मासूम की सुरक्षा और भविष्य को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Spread the love with Thanks..........