एनएच डेस्क, बाराबंकी।
जनपद में रबी फसलों के सर्वेक्षण का कार्य प्रारम्भ हो गया है। पूर्व की भांति इस बार भी सर्वे कार्य डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से कराया जा रहा है, जिससे किसानों के खेतों का डिजिटल खसरा तैयार किया जाएगा। पूर्व में यह कार्य लेखपालों द्वारा परम्परागत/ऑफलाइन तरीके से किया जाता था, जबकि अब सर्वेयर ऐप के माध्यम से खेत पर जाकर फसल की फोटो सहित जीओ-टैगिंग करके सर्वे किया जा रहा है। इस प्रक्रिया से किसानों के खेतों में बोई गई वास्तविक फसल का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध हो सकेगा।
जनपद में कुल 636 राजस्व ग्रामों के 6,55,057 खसरों के सर्वे के लिए 966 सर्वेयर तैनात किए गए हैं। इनमें कृषि विभाग के 67 ग्राम रोजगार सेवक, 235 पंचायत सहायक, 211 अन्य विभागीय कर्मी तथा 353 प्राइवेट सर्वेयर तैनात किए गए हैं। सभी सर्वेयरों को प्रति गाटा ₹5.00 की दर से मानदेय तथा ₹500.00 मोबाइल रिचार्ज हेतु दिया जाएगा। एक सर्वेयर अधिकतम 3000 गाटों का सर्वे कर सकेगा। इस प्रकार रबी फसल सर्वे में एक सर्वेयर को लगभग ₹15,500/- की आय प्राप्त हो सकेगी। यह भी उल्लेखनीय है कि खरीफ फसल सर्वे में लगाए गए सर्वेयरों को लगभग ₹31.90 लाख का भुगतान किया जा चुका है।
जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ सर्वे कार्य की समीक्षा की गई। इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) श्री देवेन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सर्वे कार्य में रुचि रखने वाले इच्छुक व्यक्ति अपना आधार संख्या, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी एवं बैंक विवरण सहित संबंधित विकास खण्ड पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि) से अथवा जनपद स्तर पर श्री सन्तोष कुमार, उप निदेशक कृषि (मो० नं० 7905996682) से संपर्क कर सकते हैं। पात्र व्यक्तियों की आईडी बनाकर, ग्राम आवंटन कर तथा ग्राम स्तर पर ही प्रशिक्षण प्रदान कर सर्वे कार्य कराया जाएगा।