ग्वालियर | 06 जनवरी 2026
शांतिनगर एवं शेख की बगिया क्षेत्र में लंबे समय से बनी सीवर समस्या को लेकर मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से सीधा संवाद कर समस्याएं सुनीं और त्वरित एवं स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि सीवर समस्या का तत्काल निराकरण मेन पावर एवं नगर निगम की मशीनरी के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भविष्य में समस्या की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाकर उस पर शीघ्र अमल करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेयजल वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। नागरिकों द्वारा बताई गई शिकायतों के आधार पर उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि जहां-जहां पानी की लाइनों में लीकेज है, उन्हें अति शीघ्र दुरुस्त कराया जाए। साथ ही नगर निगम अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवर एवं पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान में कोई लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन अथवा अन्य किसी माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री अभय चौधरी सहित क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशासन का ध्यान क्षेत्रीय समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया।