झारखंड। (Hozaifa)
झारखंड में चोरों के हौसले कुछ ज्यादा ही बुलंद हैं। चोर अब काफी सुरक्षित माने जाने वाले अपार्टमेंट और बहुमंजिला इमारतों को भी निशाना बना रहे हैं। नयी घटना रामगढ़ कॉलेज के समीप स्थित पंचवटी अपार्टमेंट की है। जहां चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक, गिद्दी शाखा के मैनेजर मनीष कुमार के फ्लैट में सेंध लगाकर लाखों की चोरी को अंजाम दिया है। बैंक मैनेजर मनीष कुमार 16 जनवरी की शाम अपने फ्लैट को बंद कर पूरे परिवार के साथ अपने पैतृक गांव छोटकाकाना चले गए थे।
सूने पड़े घर का फायदा उठाकर चोरों ने फ्लैट 305C का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। जब मनीष कुमार 18 जनवरी, रविवार की शाम करीब 5 बजे वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि फ्लैट का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है। अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने फ्लैट के दो कमरों को विशेष रूप से निशाना बनाया था। दोनों कमरों में रखी अलमारियों को तोड़कर चोर लगभग 40 हजार रुपये नकद और करीब 35 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
चोरी गए गहनों में सोने की चेन, हार, अंगूठियां, कंगन सहित अन्य कीमती आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। कुल मिलाकर चोरी की रकम लगभग 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।मनीष कुमार ने सबसे पहले अपार्टमेंट सोसाइटी के लोगों को सूचित किया और इसके बाद रामगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर खराब था, जिससे चोरी की पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। इस बात ने अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।चोरों ने इसी ब्लॉक के फ्लैट नंबर 305C के अलावा एक अन्य फ्लैट का ताला भी तोड़ा था, लेकिन वह फ्लैट खाली था, इसलिए वहां से उन्हें कुछ नहीं मिला। माना जा रहा है कि चोरों ने पहले से रेकी कर रखी थी और उन्हें यह जानकारी थी कि कौन सा फ्लैट खाली है।
घटना के संबंध में बैंक मैनेजर मनीष कुमार ने बताया कि जब वे अपने गांव से लौटे तो घर का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारियों को तोड़कर चोर सभी कीमती गहने और नकदी ले गए। उन्होंने कहा कि इस तरह सुरक्षित माने जाने वाले अपार्टमेंट में चोरी होना बेहद चिंताजनक है।
पुलिस ने बताया कि मामले की तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।इस घटना के बाद पंचवटी अपार्टमेंट के निवासियों में दहशत का माहौल है।