शाहजहांपुर। मुख्य विकास अधिकारी डॉ अपराजिता सिंह की अध्यक्षता में विकसित उत्तर प्रदेश विकसित भारत थीम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर जनपद में कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में बैठक विकास भवन में आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस 24 जनवरी को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास तथा जनपद के समग्र विकास को प्रदर्शित करने के लिए डिस्ट्रिक्ट गैलरी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विकास कार्यों, उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित विभाग आयोजन में प्रतिभाग करते हुए स्टाल लगाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्टैंडी, बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्री में जनपद के विकास को दर्शाने वाले उच्च गुणवत्ता के चित्रों का प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन में सकारात्मक संदेश पहुंचे। 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस व मतदाता जागरूकता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन भव्यता के साथ किया जाएगा।