सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत गंगा आरती कार्यक्रम का भव्य आयोजन

एनएच डेस्क, लखनऊ।

जनपद कन्नौज के ऐतिहासिक मेंहदीघाट पर श्रद्धा, आस्था एवं सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत गंगा आरती कार्यक्रम का भव्य आयोजन विगत दिवस की सायंकाल में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० प्रभारी मंत्री कन्नौज/राज्य मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश श्रीमती रजनी तिवारी ने विधिवत दीप प्रज्ज्वलन कर गंगा आरती में सहभागिता की तथा माँ गंगा की आराधना कर जनपद की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मा० मंत्री जी ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक चेतना की प्रतीक हैं। गंगा आरती जैसे आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक विरासत सुदृढ़ होती है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने आमजन से गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया।

गंगा आरती कार्यक्रम के उपरांत मा० मंत्री द्वारा ठंड के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए जरूरतमंद एवं असहाय व्यक्तियों को कंबलों का वितरण किया गया। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी। मंत्री जी ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और ठंड से किसी भी गरीब को परेशान न होना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रशासन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार, पार्टी जिलाध्यक्ष श्री वीर सिंह भदौरिया, प्रभागीय वनाधिकारी श्री हेमंत सेठ सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Spread the love with Thanks..........