वायरल वीडियो का संग्यान लेकर सीमओ ने किया औचक निरीक्षण

एनएच डेस्क, लखनऊ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० स्वदेश गुप्ता ने बताया है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तिर्वा के चिकित्सक द्वारा मरीजों को निजी क्लीनिक भेजने का आरोप दर्शाया गया था। वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए आज अधोहस्ताक्षरी द्वारा उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० मो० अजहर सिद्दीकी एवं अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम के साथ वीडियो में प्रदर्शित ब्लॉक तिर्वा स्थित कथित निजी क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उक्त स्थल पर क्लीनिक के संचालन से संबंधित कोई बोर्ड, अभिलेख अथवा अन्य भौतिक साक्ष्य उपलब्ध नहीं पाए गए। मौके पर उपस्थित व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि रात्रि के समय दुकान से क्लीनिक से संबंधित सभी बोर्ड एवं अन्य सामग्री हटा ली गई है, जिसके कारण निरीक्षण के समय कोई ठोस साक्ष्य उपलब्ध नहीं हो सका।

तत्पश्चात अधोहस्ताक्षरी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तिर्वा का निरीक्षण करते हुए वायरल वीडियो में मरीजों को देखते हुए प्रदर्शित चिकित्सक डॉ० अनूप चन्द्रा, जो कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तिर्वा में संविदा चिकित्सक के पद पर कार्यरत हैं, से उक्त वीडियो के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उनके द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया।

उक्त प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए डॉ० अनूप चन्द्रा को कारण बताओ नोटिस निर्गत किया गया है। नोटिस के उत्तर प्राप्त होने के उपरान्त नियमानुसार आवश्यक अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप शासकीय चिकित्सकीय सेवाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Spread the love with Thanks..........