16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम, बाल भवन ऑडिटोरियम में हुआ आयोजन
ग्वालियर, 25 जनवरी 2026/
लोकतंत्र की असली ताकत जागरूक मतदाता होता है और मतदान केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की दिशा तय करने का सशक्त माध्यम है। यह बात प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बाल भवन ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कही। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “ईवीएम का बटन दबाते समय हम केवल वोट नहीं डालते, बल्कि देश के भविष्य का निर्णय करते हैं।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने की। अपने संबोधन में प्रधान जिला न्यायाधीश ने कहा कि यदि नागरिक मतदान नहीं करते, तो वे अपने निर्णय का अधिकार स्वयं छोड़ देते हैं। लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक मतदाता सोच-समझकर और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का उपयोग करे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सभी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहाँ बिना किसी जाति, धर्म या क्षेत्रीय भेदभाव के प्रत्येक नागरिक को वोट देने और चुनाव लड़ने का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान शासकीय सेवक अपनी क्षमता से कई गुना अधिक कार्य कर लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से आह्वान किया कि जिनके नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे ऑनलाइन या अपने बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर अनिवार्य रूप से नाम जुड़वाएँ।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं स्वीप के नोडल अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत ने कहा कि ग्वालियर जिले में जेंडर रेशियो और युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के प्रयास सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ऐसा देश है, जहाँ हर नागरिक सर्वोच्च पद तक पहुँचने का अधिकार लेकर जन्म लेता है।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए दिलाई गई शपथ
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने तथा जाति-धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर निर्भीक मतदान करने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि जिनकी आयु 1 जनवरी को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएँ और आगामी चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं कलेक्टर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रशांत पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री सी.बी. प्रसाद, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल बनवारिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री एस.बी. ओझा ने किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश हुआ प्रसारित
कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का संदेश भी प्रसारित किया गया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2025 निर्वाचन आयोग के लिए नवाचार और उपलब्धियों का वर्ष रहा। मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आगामी चुनावों में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की।
नए मतदाताओं को ईपिक, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पहली बार मतदाता बने नागरिकों को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र (ईपिक) प्रदान किए गए। साथ ही एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर, मास्टर ट्रेनर एवं अन्य शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।