स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश बनी उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर की मिनी मैराथन

ग्वालियर, 25 जनवरी 2026/
उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, ग्वालियर के तत्वावधान में 25 जनवरी को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ, ग्वालियर में आयोजित मिनी मैराथन न केवल एक खेल आयोजन रही, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सोच का सशक्त संदेश बनकर उभरी। मैराथन का शुभारंभ खण्डपीठ के प्रशासनिक न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया और स्वयं दौड़ में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

न्यायमूर्ति आनंद पाठक की प्रेरक पहल पर आयोजित इस आयोजन में न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, खण्डपीठ में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी तथा सुरक्षा में पदस्थ पुलिस अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में सहभागी बने। मैराथन का उद्देश्य न्यायिक परिवार सहित समाज में यह संदेश देना था कि स्वस्थ शरीर ही प्रभावी कार्य संस्कृति और सकारात्मक सोच की नींव होता है।

मिनी मैराथन का आयोजन तीन आयु वर्गों — 40 वर्ष तक, 41 से 50 वर्ष तथा 50 वर्ष से अधिक — में किया गया, जिनके लिए पृथक-पृथक दूरी के रनिंग ट्रैक निर्धारित किए गए। प्रतियोगिता में कुल 342 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक के साथ न्यायमूर्ति श्री ह्देश, श्री आशीष श्रोती, श्री पुष्पेन्द्र यादव एवं श्री आनंद सिंह बहरावत की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ललित किशोर, अतिरिक्त महाधिवक्ता श्री राजेश शुक्ला एवं श्री विवेक खेडकर, डिप्टी सॉलिसिटर जनरल श्री प्रवीण नेवास्कर, अभिभाषक संघ के पदाधिकारीगण, अधिवक्तागण तथा खण्डपीठ के समस्त अधिकारी-कर्मचारी आयोजन में शामिल हुए।

मैराथन का शुभारंभ न्यायमूर्तिगण एवं अतिथियों द्वारा स्वयं ट्रैक पर दौड़कर किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य को जीवन की प्राथमिकता बनाने और नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने का संदेश दिया गया।

Spread the love with Thanks..........