एनएच डेस्क, लखनऊ।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आयोजित आर्मड फोर्सेज वेटरन्स दिवस समारोह का शुभारंभ अमर शहीदों के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं सहित कुल 67 लोगों को शाल ओढ़ाई तथा प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की ओर से जिलाधिकारी को प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान की नींव हमारे सैनिकों के त्याग, साहस और अनुशासन पर टिकी है। पूर्व सैनिकों ने अपने जीवन के सर्वोत्तम वर्ष देश की सेवा में समर्पित किए हैं, जिसका ऋण देश कभी नहीं चुका सकता। उन्होंने कहा कि सैनिक और उनके परिवारजन प्रशासन के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। पूर्व सैनिकों अथवा वीरांगनाओं को पेंशन, स्वास्थ्य, भूमि, रोजगार, शिक्षा या किसी भी प्रकार की प्रशासनिक समस्या होने पर त्वरित और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनपद प्रशासन उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि पूर्व सैनिक समाज के लिए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का जीवंत उदाहरण हैं। उनका अनुभव और नेतृत्व युवाओं को सही दिशा देने में अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पूर्व सैनिकों के जीवन से प्रेरणा लें और राष्ट्र निर्माण में ईमानदारी, परिश्रम और समर्पण के साथ अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि आज का यह समारोह केवल सम्मान का नहीं, बल्कि यह संकल्प लेने का अवसर है कि हम सब मिलकर सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रोहित भटारा ने आर्मड फोर्सेज वेटरन्स दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस उन वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों को नमन करने का प्रतीक है, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय कन्नौज पूर्व सैनिकों के कल्याण, पुनर्वास और सम्मान हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि०रा०) देवेन्द्र सिंह, कैप्टन रविंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं शहीद सैनिकों की वीरांगनाएँ उपस्थित रहीं।