(संजय द्विवेदी)
संभल हिंसा मामले में एएसपी अनुज चौधरी सहित कई पुलिसकर्मियों पर FIR करने का आदेश देने वाले जज (CJM) विभांशु सुधीर का तबादला सुल्तानपुर के लिए हुआ। महत्वपूर्ण ये है कि उन्हें CJM से हटाकर सिविल जज (सीनियर डिविजन) यानि डिमोशन वाला पद दिया गया है।
सीजेएम पद वरिष्ठ होता है, क्योंकि वह मजिस्ट्रेट न्यायपालिका का प्रमुख होता है और उसके पास व्यापक प्रशासनिक व न्यायिक अधिकार होते हैं। संभल के सीजेएम विभांशु सुधीर ने 9 जनवरी को अपने आदेश में एएसपी अनुज चौधरी और इंस्पेक्टर अनुज तोमर सहित कुल 20 पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था।
बता दें कि यह तबादला संभल के ASP अनुज चौधरी समेत 20 पुलिसकर्मियों पर FIR के आदेश के बाद हुआ है। सीजेएम विभांशु सुधीर ने एफआईआर का यह आदेश संभल हिंसा के दौरान एक युवक को गोली लगने के मामले में दिया था। खास बात ये है कि, एफआईआर के आदेश के बाद एएसपी अनुज चौधरी मकर संक्रांति पर गोरखनाथ पीठ दर्शन करने गए थे।
तबादले के बाद विभांशु सुधीर के स्थान पर चंदौसी के सीनियर डिवीजन सिविल जज आदित्य सिंह को संभल का नया CJM नियुक्त किया गया है। विभांशु सुधीर को सुल्तानपुर में सीनियर सिविल डिवीजन जज के पद पर भेजा गया है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार की शाम बड़ा फेरबदल किया। 14 जजों के तबादले कर दिए हैं। लिस्ट में तीन जिला जज स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल सर्विसेज रजनीश कुमार की ओर से लिस्ट जारी की गई है।