एनएच डेस्क, बाराबंकी।
बाराबंकी, 01 जनवरी 2026 । श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव जनपद न्यायाधीश बाराबंकी की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद बाराबंकी में बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन हेतु 01 जनवरी 2026 से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष कार्ययोजना प्रारम्भ की गई है। इस अभियान का उद्देश्य जनजागरूकता, विधिक साक्षरता, सामुदायिक सहभागिता तथा बालिकाओं के सशक्तिकरण के माध्यम से बाल विवाह पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम सभाएँ, स्कूल-कॉलेज कार्यक्रम, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, विधिक शिविर एवं संभावित बाल विवाह की पहचान कर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। जनपद प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
बाल विवाह मुक्त भारत के लिए कार्ययोजन जिलाधिकारी बाराबंकी, पुलिस अधीक्षक बाराबंकी, जिला प्रोबेशन अधिकारी बाराबंकी को भी प्रेषित कर योजना के क्रियान्वयन हेतु निर्देश जारी किये गये हैं।
इस अभियान का साप्ताहिक रिपोर्ट उ०प्र०राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित किया जायेगा। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा अवगत कराया गया कि इस अभियान का उद्देश्य जनपद बाराबंकी को बाल विवाह से मुक्त कराना है।