एनएच डेस्क, लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पारंपरिक कारीगरों एवं श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का क्रियान्वयन विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जनपद कन्नौज में किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद में जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र द्वारा प्रायोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर मा0 सदर विधायक कन्नौज एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को आधुनिक कौशल से जोड़कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से कारीगरों की प्रतिभा को निखारते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत जनपद कन्नौज में विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कुल 825 लाभार्थियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन यू.पी. इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) द्वारा किया जा रहा है।
यूपीकॉन के कोऑर्डिनेटर श्री आनंद कटियार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ठाकुर बलदेव सिंह महाविद्यालय, कन्नौज में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिभागियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन श्री विजय बिंद द्वारा किया गया।
अंत में अधिकारियों द्वारा आशा व्यक्त की गई कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पारंपरिक कारीगरों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग श्री धनंजय सिंह एवं असिस्टेंट कमिश्नर श्री शिवानंद, देवेंद्र सिंह, अजीत, अमर, धीरेन्द्र, संजना, नेहा, ऋषि, नरेंद्र, जितेंद्रवीर, लक्ष्मी, आरती, नीलम सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
