ग्वालियर।
ग्वालियर जिले में भूमि माफिया ने कानून और व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए किसानों के आधार कार्ड पर फोटो चिपकाकर उनकी जमीन फर्जी तरीके से बेच डाली। मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र के गिरगांव का है, जहां करोड़ों रुपये की जमीन का फर्जी सौदा कर लिया गया। पुलिस ने इस सनसनीखेज प्रकरण में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने असल किसान की पहचान बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए, खुद को भूमि स्वामी दर्शाया और रजिस्ट्री करा दी। इस पूरे फर्जीवाड़े में रिश्तेदारों, दलालों और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोगों की संगठित साजिश उजागर हुई है।
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ, जब जमीन मालिक को रिकॉर्ड में अपनी ही जमीन किसी और के नाम दर्ज मिली। प्रारंभिक तौर पर जमीन की कीमत 4 से 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जबकि कुछ दावों में यह आंकड़ा 12 करोड़ रुपये तक पहुंचने की बात कही जा रही है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है।
पुलिस ने आरोपियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारी मान रहे हैं कि यह मामला केवल एक जमीन तक सीमित नहीं, बल्कि इससे जुड़े और बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।