ग्वालियर, 11 जनवरी 2026।
मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाए जाने के क्रम में ग्वालियर जिले में कृषि जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। रविवार को कृषि विज्ञान केन्द्र, ग्वालियर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम से कृषि की नवीन तकनीक और किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुँचाने के उद्देश्य से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्बोधन सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियाँ अपनाने, तकनीक से जुड़ने और खेती को लाभ का माध्यम बनाने का संदेश दिया।
कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुमार सिंह जाटव, भाजपा जिला अध्यक्ष (शहर) श्री जयप्रकाश राजोरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) श्री प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजन सिंह रावत ने संयुक्त रूप से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक कृषि श्री आर.एस. शाक्यवार, उप संचालक कृषि श्री आर.एस. जाटव एवं कृषि वैज्ञानिक श्री शैलेन्द्र सिंह कुशवाह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि कृषि रथ के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी नवीन जानकारियाँ दी जाएँगी।
कृषि विभाग द्वारा 11 जनवरी से शुरू किया गया यह अभियान जिले के सभी विकासखंडों के गांव-गांव तक पहुँचेगा, जिससे अधिक से अधिक किसान आधुनिक कृषि से जुड़ सकें।