शासन के आदेश के क्रम में संस्कृति उत्सव 2025–26 कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 22 जनवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में जनपद कन्नौज के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कन्नौज की पारंपरिक लोककला आल्हा गायन में सुप्रसिद्ध कलाकार संग्राम सिंह के पुत्र कृष्णा ठाकुर ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए गायन विधा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं के०पी०एस० इंटर कॉलेज, कन्नौज की छात्राओं ने समूह नृत्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट तालमेल, भाव-भंगिमा एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान हासिल किया। उल्लेखनीय है कि इन प्रतिभागियों ने पूर्व में जनपद स्तर एवं मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम एवं श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया था, जिसके फलस्वरूप इन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ। राज्य स्तर पर भी कन्नौज की लोक-संस्कृति और प्रतिभा की सशक्त पहचान स्थापित हुई है।
जिला पर्यटन अधिकारी डॉ० एम० मकबूल
ने सभी प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं सहयोगी संस्थाओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि से जनपद कन्नौज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला एवं युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर नई पहचान मिली है। भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनपद की लोकसंस्कृति को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।