जनसुनवाई के दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया

एनएच डेस्क, लखनऊ।

सदर तहसील कन्नौज में आज सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जनसुनवाई के दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष 51 शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादी अमर सिंह द्वारा ग्राम सलेमपुर तारा बांगर में ग्राम प्रधान द्वारा अवैध रूप से मकान, पंचायत भवन एवं सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराए जाने, रुपये लेकर प्रार्थी की भूमिधरी भूमि पर जबरन निर्माण एवं लेंटर डलवाए जाने तथा लेखपाल से मिलीभगत की शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि वे एसएचओ के साथ आज ही मौके पर जाकर जांच कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में क्वालिटी पर विशेष फोकस किया जाए। भूमि विवाद, पट्टा, खतौनी प्रविष्टि आदि मामलों की निगरानी तहसीलदार स्वयं करें तथा संबंधित लेखपाल पूर्ण जानकारी रखें। आवास एवं पेंशन योजनाओं के संभावित लाभार्थियों की सूची पूर्व से तैयार रखने के निर्देश दिए गए, ताकि लक्ष्य प्राप्त होते ही पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि IGRS, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनता दर्शन एवं जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी श्री हेमंत सेठ, उपजिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, जिला विकास अधिकारी श्री नरेंद्र देव द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love with Thanks..........