कृषि विज्ञान केन्द्र, गेहूं में खरपतवार प्रबंधन एवं स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

एनएच डेस्क, लखनऊ।

कृषि विज्ञान केन्द्र, अनौगी कन्नौज के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विकास खण्ड क्षेत्र के नदसिया गांव में गेहूं फसल में खरपतवार प्रबंधन तथा स्वच्छता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, स्वच्छता के महत्व तथा मौसम आधारित कृषि निर्णयों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक (प्रसार) डॉ. सुशील कुमार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायक होता है।
वरिष्ठ वैज्ञानिक (फसल सुरक्षा) डॉ. अवनीन्द्र कुमार तिवारी ने किसानों को गेहूं की फसल में प्रमुख खरपतवारों की पहचान, उनसे होने वाले नुकसान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण के लिए उपयुक्त रसायनों एवं समय पर प्रयोग की विस्तृत जानकारी दी।

कृषि विज्ञान केन्द्र के कृषि मौसम वैज्ञानिक अमरेंद्र यादव ने किसानों को वर्तमान मौसम की स्थिति, आगामी मौसम पूर्वानुमान तथा मौसम आधारित कृषि कार्यों के अनुप्रयोग के बारे में जानकारी प्रदान की, जिससे किसान समय पर उचित निर्णय लेकर फसल उत्पादन में वृद्धि कर सकें।
इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 25 किसानों ने सहभागिता की, जिनमें शिवनारायण दुबे सहित अन्य प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। किसानों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना की।

Spread the love with Thanks..........