कन्नौज, 04 जनवरी 2026
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उ०प्र०, लखनऊ के शासनादेश के अनुपालन में आज जनपद कन्नौज के समस्त 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 03 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला का सफल आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी आरोग्य स्वास्थ्य मेला डॉ. जितेन्द्र कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा समस्त अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों द्वारा प्राथमिक एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
मेले के दौरान रोगियों की निःशुल्क जाँच एवं उपचार, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएँ, हैपेटाइटिस ‘बी’ एवं ‘सी’ की जाँच, टीबी संभावित रोगियों की स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाए जाने सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की गईं।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 1893 मरीजों (835 पुरुष, 781 महिलाएँ एवं 277 बच्चे) को लाभान्वित किया गया। आयुष्मान योजना के अंतर्गत 18 गोल्डन कार्ड बनाकर वितरित किए गए। प्रत्येक केन्द्र पर चिकित्सकों के साथ-साथ पैरामेडिकल कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित रही, जिससे सेवाओं का सुचारु संचालन किया जा सका।